देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रकाश पर्व के अवसर पर शनिवार, 21 नवंबर को निकलने वाली शोभायात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शोभायात्रा दोपहर एक बजे से शाम 7:30 बजे तक निकाली जाएगी। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, शोभायात्रा गुरुद्वारा पटेलनगर से शुरू होगी। इसके बाद सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला, पलटन बाजार, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक और सुभाष रोड होते हुए गुरुद्वारा श्री नानक निवास पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।

पुलिस ने बताया कि शोभायात्रा सड़क के बाईं ओर चलेगी, जबकि दाईं ओर से यातायात संचालित करने की व्यवस्था रहेगी। हालांकि, भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर वाहनों का मार्ग बदला जा सकता है।

शोभायात्रा के दौरान आवश्यकता पड़ने पर पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से यातायात को आंशिक रूप से डायवर्ट किया जाएगा। इन मार्गों से आने वाले वाहनों को जीएमएस रोड के रास्ते घंटाघर की ओर भेजा जाएगा।

जब शोभायात्रा घंटाघर से दर्शनलाल चौक की ओर बढ़ेगी, तब चकराता रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा शोभायात्रा के दर्शनलाल चौक पहुंचने पर तहसील चौक से आने वाले वाहनों को घंटाघर और लैंसडाउन चौक से आने वाले यातायात को कनक चौक की ओर भेजा जाएगा।

बुद्धा चौक पर शोभायात्रा पहुंचने के दौरान दून चौक से आने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, क्रॉस रोड से बुद्धा चौक आने वाले वाहनों को मनोज क्लिनिक से सीजेएम तिराहे की ओर भेजा जाएगा।

शोभायात्रा के सुभाष रोड पहुंचने पर यातायात को रोक-रोककर संचालित किया जाएगा। इस दौरान सीएमआई और रेसकोर्स चौक से किसी भी वाहन को एमकेपी चौक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

यातायात पुलिस ने पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, लालपुल तिराहा, घंटाघर, बुद्धा चौक, लैंसडाउन चौक, सीएमआई तिराहा और एमकेपी चौक पर डायवर्जन एवं बैरियर व्यवस्था निर्धारित की है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शोभायात्रा के दौरान संबंधित मार्गों का अनावश्यक उपयोग करने से बचें। साथ ही सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को क्रेन से टो किया जाएगा और 1500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।

इसके अलावा सार्वजनिक सड़कों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी है। हालांकि, एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन विभाग जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को नहीं रोका जाएगा।

देहरादून यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे 21 नवंबर को घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखें और शोभायात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Tags: