पतंजलि विश्वविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस
पतंजलि विश्वविद्यालय ने दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
हरिद्वार: प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पतंजलि विश्वविद्यालय में नौवां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया गया। विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज की ओर से आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वस्थ भारत’ रही।
स्वस्तिवाचन और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय की प्रति-कुलपति साध्वी डॉ. देवप्रिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. बीटी चिदानंद मूर्ति ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में भाग लेते हुए वर्तमान स्वास्थ्य परिदृश्य में प्राकृतिक चिकित्सा की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मकता और ज्ञान को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर प्रतियोगिता में भूमि गोयल और योजा विजयवार के समूह ने पहला स्थान प्राप्त किया। देवांशी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि आंचल, सुमति और प्रगति ने तीसरा स्थान हासिल किया।
भाषण प्रतियोगिता में सबूरी प्रथम, हर्षवर्धन द्वितीय और दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में टीम ‘सेपियंस’ ने पहला, ‘वाइटलिक्स’ ने दूसरा और ‘अचीवर्स’ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों द्वारा प्राकृतिक चिकित्सा पर आधारित सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने स्वस्थ भारत के निर्माण में प्राकृतिक चिकित्सा, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संगीता शर्मा ने किया, जबकि समन्वय की जिम्मेदारी डॉ. सिद्धार्थ यादव ने निभाई। विभागाध्यक्ष डॉ. नागराज ने धन्यवाद ज्ञापित किया। फैकल्टी के डीन डॉ. एनएस गणेश अय्यर ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर स्वामी अर्शदेव, स्वामी आर्यदेव, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. सत्येंद्र मित्तल, डॉ. ऋत्विक सहाय बिसारिया, डॉ. एके सिंह, डॉ. कृष्ण चांडक, डॉ. वीके कटियार और डॉ. सांवर सिंह सहित विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।