हरिद्वार: जनसमस्याओं के समाधान को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 49 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष 21 शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गईं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, बिजली, पेयजल, राशन कार्ड, अतिक्रमण और जलभराव से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं।

गेण्डीखाता निवासी वन गुर्जर बजीर अली ने डेरों के आसपास सोलर लाइट लगवाने की मांग रखी। बाबूराम सैनी ने ग्राम गुम्मावाला में स्थापित सरकारी नलकूप संख्या 99-जी को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कराने का अनुरोध किया।

तेजेंद्र सिंह ने ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में मारुति शोरूम के पास पार्क और सर्विस रोड पर अतिक्रमण हटाने के साथ असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।

ग्राम कुतुबपुर निवासी यशपाल सिंह, दाताराम, सचिन कुमार, रामकुमार और राव मुन्तवीर ने आबादी क्षेत्र से निकलने वाले गंदे पानी, गोबर और कूड़े के कारण खेतों में फसलें खराब होने की शिकायत करते हुए समस्या के समाधान की मांग की।

रोहालकी किशनपुर निवासी मनोज कुमार ने सरकारी अभिलेखों में दर्ज रास्ते से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की। वहीं, इक्कड़ खुर्द निवासी मोहम्मद जाकिर ने करीब 100 फुट सड़क बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान करें।

कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 686 और एल-2 स्तर पर 184 शिकायतें लंबित पाई गईं। कुल 870 लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने विशेष रूप से 36 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, एसडीएम नीतू डांगर, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, उत्तम कुमार तिवारी, महेश कुमार बिश्नोई, नलिनी ध्यानी, सुशील नौटियाल, मीरा रावत और वाईएस बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं फरियादी उपस्थित रहे।

Tags: