गुरुकुल कांगड़ी में NSS अधिकारियों का प्रशिक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व पर जोर
हरिद्वार में एनएसएस का सात दिवसीय प्रशिक्षण, सामुदायिक विकास पर मंथन
हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारियों के लिए आयोजित सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न शैक्षणिक और तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत योगाभ्यास से हुई, जिसमें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाया गया।
विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी निदेशक प्रो. पंकज मदान ने वार्षिक कार्ययोजना और नियमित गतिविधियों पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि सुनियोजित कार्ययोजना से एनएसएस इकाइयां समाज सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा कर सकती हैं। उन्होंने जापानी 5एस पद्धति के माध्यम से स्वच्छता, अनुशासन और कार्यक्षमता बढ़ाने की जानकारी भी दी।
जिला एनएसएस समन्वयक डॉ. एसपी सिंह ने सामुदायिक जरूरतों की पहचान और हितधारकों की सहभागिता पर जोर दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों ने हिस्सा लिया।