Haridwar: बुक्कनपुर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, क्रॉस केस दर्ज
"बुक्कनपुर में झड़प के बाद दोनों पक्षों पर केस दर्ज"
हरिद्वार: पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम बुक्कनपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला करने, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट करने तथा जान से मारने की कोशिश के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की ओर से गुरमीत कौर पत्नी चमकार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मई की शाम वह अपने नाबालिग पुत्र मनजोत सिंह के साथ टहलकर घर लौट रही थीं। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी हरवीत सिंह, साहब सिंह और सुखविंद्र कौर ने उनके पुत्र पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को घर के अंदर ले जाकर करीब 40 मिनट तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें आईं और कई टांके लगे।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने युवक को निर्वस्त्र कर वीडियो भी बनाई और वायरल करने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को आरोपियों के घर से मुक्त कराया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से हरप्रीत सिंह पुत्र साहब सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मनजीत, निरभउ, गुरुसाहब और चमकार सिंह गाली-गलौज करते हुए उनके घर के बाहर पहुंचे और विरोध करने पर घर में घुसकर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने खुद पर जानलेवा हमला किए जाने और गंभीर चोटें आने की बात कही है।
इस मामले में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा दी गई तहरीरों के आधार पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।