देहरादून: उत्तराखंड में बैणी-भुली योजना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने बुधवार को कांग्रेस पर महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का राजनीतिकरण करने और भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया।

भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि लखपति दीदी योजना से प्रदेश की 3.5 लाख से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।

उन्होंने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार और बारहवीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके अलावा एकल महिला स्वरोजगार योजना, उद्यमशाला योजना और ड्रोन सखी प्रशिक्षण को भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

रुचि भट्ट ने कांग्रेस को अपने संगठन पर ध्यान देने की सलाह देते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।

Tags: