Haridwar: गुरुकुल कांगड़ी में आयोजित हुआ पौधरोपण अभियान
एसबीआई अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया पौधरोपण
हरिद्वार: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपना 71वां बैंक-डे (बैंक दिवस) गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर स्थित ऐतिहासिक स्वामी श्रद्धानन्द हॉकी मैदान में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाकर मनाया।
एसबीआई की शाखा प्रबंधक श्वेता राजलक्ष्मी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और मानसिक तनाव से राहत के लिए वृक्षारोपण प्राकृतिक औषधि के समान है। उन्होंने सभी लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने कहा कि स्वच्छ वातावरण मानव जीवन का मूल आधार है। वर्तमान समय में बिगड़ते प्राकृतिक संतुलन को सुधारने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण की धरोहर सौंपी जा सके।
वित्ताधिकारी प्रो. वी.के. सिंह ने कहा कि आधुनिक विज्ञान और विकास से उत्पन्न पर्यावरणीय चुनौतियों का संतुलित समाधान वृक्षारोपण के माध्यम से ही संभव है। इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. एल.पी. पुरोहित, प्रोफेसर इंचार्ज बागवानी प्रो. नवनीत, उपनोडल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिव कुमार चौहान, एसबीआई के वरिष्ठ सहायक अमित सिंह बिष्ट एवं सुमित कुमार सहित विश्वविद्यालय और बैंक के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।