Haridwar: सुरक्षा बढ़ाने के लिए किए गए व्यापक इंतजाम

Update: 2026-03-31 11:02 GMT

हरिद्वार: आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और डॉग स्क्वायड की टीमों ने मां मनसा देवी मंदिर और मां चंडी देवी मंदिर परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा क्राइम मीटिंग के दौरान आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के क्रम में जनपद पुलिस के साथ बीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीमें भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को टीमों ने मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर क्षेत्र में पहुंचकर परिसर, आने-जाने वाले मार्गों और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी ली। इस दौरान प्रशिक्षित स्वानों और आधुनिक उपकरणों की मदद से संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की बारीकी से जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके। पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में भी जनपद के प्रमुख मंदिरों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में इसी तरह सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News