Haldwani News: उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है. दरअसल हल्द्वानी के बरेली रोड तीनपानी मंडी के पास एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी है. वहीं इस हादसे में दो लोगों की मौत की खबर है. जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार सुबह बरेली रोड तीनपानी मंडी के पास हुआ|
जहां एक अज्ञात वाहन ने कार (UK02A-9035) को टक्कर मार दी. इस दौरान दोनों वाहनों की टक्कर में कार चकनाचूर हो गई. बताया गया कि हादसे के दौरान कार में तीन लोग सवार थे. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और गाड़ी का शीशा काटकर कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला. वहीं हादसे में गाड़ी में सवार दो लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी. जबकि एक व्यक्ति की सांस चल रही थी. इसके बाद घायलों को तुरंत उपचार के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में मृतकों की पहचान संजीव कुमार चौबे निवासी छाती उदेरा बागेश्वर और गौरव जोशी निवासी विलोना बागेश्वर के रूप में हुई है। जबकि हिमांशु कुमार निवासी बागेश्वर गंभीर रूप से घायल है।