उत्तरकाशी में पूर्व प्रधान का विरोध प्रदर्शन, जिलाधिकारी ने संभाला मोर्चा
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मस्ताड़ी गांव के विस्थापन सहित विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज गांव के पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल गंगा मंदिर के पास स्थित झूला पुल के पिलर पर चढ़ गए। वहीं, उनके समर्थन में बाड़ागड्डी क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से वार्ता और आवश्यक कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मस्ताड़ी गांव में लगातार हो रहे भू-धंसाव के कारण ग्रामीण लंबे समय से गांव के विस्थापन की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा इंद्रावती नदी पर किशनपुर तक बाढ़ सुरक्षा कार्य कराने, देवस्नान घाट के निर्माण एवं जीर्णोद्धार और मोक्ष घाट के निर्माण की मांग भी ग्रामीणों की ओर से उठाई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। शनिवार को पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया, जिसके समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पूर्व प्रधान को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। इस बीच एसडीएम शालिनी नेगी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की कोशिश की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य भी गंगा मंदिर झूला पुल के पास पहुंचे। उन्होंने मस्ताड़ी और बाड़ागड्डी क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को विभिन्न मांगों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
जिलाधिकारी के साथ हुई वार्ता के बाद पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल सुरक्षित नीचे उतर आए। इसके बाद ग्रामीणों ने उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग पर लगाया गया जाम भी समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने अपनी मांगों से संबंधित प्रत्यावेदन जिलाधिकारी को सौंपा।
वार्ता के दौरान इंद्रावती नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य कराने, इंद्रावती मोक्ष घाट और स्नान घाट से संबंधित कार्यों की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास करने पर सहमति बनी। इन कार्यों को आगे बढ़ाने में मस्ताड़ी गांव के पूर्व प्रधान सत्यनारायण सिंह सेमवाल प्रशासन को आवश्यक सहयोग देंगे।
इसके अलावा हरि महाराज स्नान घाट के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग को एस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाने की बात कही गई। ग्रामीणों की ओर से उठाई गई मांगों के संबंध में संबंधित विभागों के स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मस्ताड़ी गांव में लगातार हो रहे भू-धंसाव और ग्रामीणों के विस्थापन के मुद्दे पर ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में विस्थापन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
ग्रामीणों ने अठाली-चामकोट-दिलसौड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण का मुद्दा भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इस पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई बातचीत के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त हो गया है। हालांकि, मस्ताड़ी गांव के विस्थापन और अन्य निर्माण कार्यों को लेकर अंतिम स्वीकृति तथा आगे की कार्रवाई का इंतजार रहेगा।