बागेश्वर जनपद में एनडीपीएस के 35 मामलों में 35 आरोपी हुए गिरफ्तार

Update: 2022-11-25 13:53 GMT

देवभूमि बागेश्वर न्यूज़: जनपद में नशे के बढ़ते प्रचलन से हर जागरूक नागरिक चिंतित है। इसके लिए समाजसेवकों समेत राजनैतिक विचारधारा के लोग भी जागरूक होकर आवाज उठा रहे हैं। पुलिस के आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2021 में जनपद में एनडीपीएस के 35 मामलों में 35 गिरफ्तार हुए। 35 किग्रा चरस व 174 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जबकि वर्ष 2022 को समाप्त होने में अभी एक माह बाकी है तथा अब तक मात्र 95 ग्राम स्मैक ही बरामद हो पाई है। जिस तरह से आम नागरिक, राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता व प्रभारी मंत्री समेत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाल कल्याण समिति इस मामले में चिंतित है तथा इसके लिए मंथन कर रहे हैं लेकिन इसके बाद भी पुलिस को ज्यादा सफलता न मिलना निश्चित तौर पर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।

बैजनाथ, झिरौली, कांडा पुलिस की सक्रियता पर प्रश्न चिन्ह: जनपद में स्मैक के मामलों में अब तक प्रकाश डाला जाए तो इसमें अधिक मामलों में बागेश्वर पुलिस को ही सफलता मिली है। जबकि बैजनाथ, झिरौली, कांडा पुलिस को स्मैकियों तक पहुंचने में खास सफलता नहीं मिली है। जबकि इन क्षेत्रों में भी स्मैक के प्रयोग की सूचनाएं हैं। नगर में भी जिस तरह से स्मैक बढ़ रही है, उस आधार पर बागेश्वर पुलिस को भी खास सफलता नहीं कहा जा सकता है।

नशेड़ी युवक चला रहे बाइक: नगर में नशेड़ी युवक दिन समेत देर रात तक नशे में हो हल्ला मचाते हुए तीव्र गति से बाइक दौड़ाते रहते हैं। इनके द्वारा तीन सवारियां लेकर अनियंत्रित गति से बाइक चलाई जाती हैं लेकिन इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जिससे इनके हौंसले बुलंद हो रहे हैं।

पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। अब तक कई सफलताएं भी मिली हैं। नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।

- हिमांशु कुमार वर्मा, एसपी बागेश्वर। 

Tags:    

Similar News