प्रेम प्रसंग में फंसे पति को पत्नी ने आरी से गर्दन काट कर की हत्या

Update: 2023-06-29 15:06 GMT

उत्तर प्रदेश | उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पर तिर्वा कोतवाली के धरमंगद पूर्वा में एक दिन पहले एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। पुलिस ने इस मामले में जांच करनी शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस मामले की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। दरअसल, युवक की पत्नी ने ही उसकी हत्या की थी। उसने अपने प्रेमी की मदद से इस घटना को अंजाम दिया।

बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के धरमंगद पूर्वा गांव में मंगलवार की सुबह शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। उसकी शिनाख्त गांव के ही मनोज पाल के रूप में हुई थी। शुरू में तो मनोज की पत्नी संध्या ने पुलिस को बरगलाया। बताया कि सोमवार की शाम शराब लाने के लिए गए थे, वापस नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल करनी शुरू कर दी। पुलिस को मृतक की पत्नी पर ही शक था और पुलिस इस मामले को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देख रही थी।

पुलिस ने इस मामले में सख्ती की और मृतक की पत्नी से पूछताछ की। जिसके बाद उसने अपने पति की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि फिरोजपुर गांव निवासी अजय बाथम (24) से उसका प्रेम-प्रसंग था। मनोज को पता चल गया था तो वह खफा था। पत्नी ने यह भी बताया कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की है।

आरोपी पत्नी ने बताया कि उसने प्रेमी अजय के साथ मिलकर मनोज को हमेशा के लिए हटाने की साजिश रची। जिसके तहत वारदात को अंजाम दिया। सोमवार की शाम को पति को शराब पीने के लिए पैसा दिया। जब मनोज ने शराब पी ली तो चारा काटने का झांसा देकर उसे खेत पर ले गई। वहां अजय पहले से मौजूद था। संध्या का इशारा मिलते ही अजय ने मनोज के सिर पर डंडा से हमला कर दिया। वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद डंडे से गला दबाकर लोहे की आरी से गर्दन व चेहरे पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। शव को वहीं छोड़कर दोनों अपने-अपने घर चले गए। किसी को कुछ नहीं बताया।

Tags:    

Similar News

-->