मीरजापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित विंध्याचल रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण किया। पंजाब के जालंधर रेलवे स्टेशन से प्रधानमंत्री ने शाम करीब सवा चार बजे इस आधुनिक स्टेशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विंध्याचल रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
अमृत भारत योजना के तहत विंध्याचल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य करीब तीन साल में पूरा किया गया है। इस परियोजना पर कुल 23.24 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। स्टेशन को यात्रियों की आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए स्वरूप में तैयार किया गया है। पुनर्विकास के बाद स्टेशन पर कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, विंध्याचल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की शुरुआत 6 अगस्त 2023 को की गई थी। निर्धारित समय में कार्य पूरा होने के बाद अब स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस हो गया है। स्टेशन परिसर में नया प्रवेश द्वार, आधुनिक कॉनकोर्स क्षेत्र, एग्जीक्यूटिव लाउंज, प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम और आधुनिक टिकटिंग व्यवस्था विकसित की गई है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज भी बनाया गया है। इससे यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी होगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।
लोकार्पण समारोह को लेकर विंध्याचल स्टेशन परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की ओर से सर्कुलेटिंग एरिया में 50 फीट चौड़ा और 180 फीट लंबा जर्मन हैंगर टेंट तैयार किया गया था। कार्यक्रम के लिए 53 फीट लंबा और 25 फीट चौड़ा मंच बनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए मंच के पास बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई थीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में प्राविधिक शिक्षा मंत्री शामिल हुए। इसके अलावा मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेशन पर विकसित की गई नई सुविधाओं का निरीक्षण किया और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
विंध्याचल रेलवे स्टेशन धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। मां विंध्यवासिनी धाम आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या इस स्टेशन से होकर गुजरती है। ऐसे में स्टेशन के आधुनिक स्वरूप में आने से श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है। इसी कड़ी में विंध्याचल स्टेशन को भी नया रूप दिया गया है। बेहतर यात्री सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और आधुनिक व्यवस्थाओं के कारण अब यात्रियों को पहले से अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा।
विंध्याचल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को क्षेत्र के विकास से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की संभावना है। प्रधानमंत्री द्वारा स्टेशन के वर्चुअल लोकार्पण के साथ ही विंध्याचल रेलवे स्टेशन ने आधुनिक रेल सुविधाओं के नए दौर में प्रवेश कर लिया है।