Varanasi : लापता तीन वर्षीय बच्ची की हत्या का खुलासा, शव पोखरी से बरामद
varanasi वाराणसी : वाराणसी जिले के भगवतीपुर गांव स्थित ननिहाल से सोमवार को लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची का शव मंगलवार की सुबह घर से 50 मीटर दूर पोखरी में उतराया मिला।
सूचना पाकर पहुंची कपसेठी थाने की पुलिस ने मासूम का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कपसेठी थाना क्षेत्र के भगवतीपुर निवासी इस्लाम अली ने बताया कि उनकी बेटी शहनाज की शादी जौनपुर के बरसठी थाने के घानापुर के इश्तियाक के साथ हुई है। इश्तियाक सूरत में पावरलूम चलाने का काम करते हैं। उनकी बेटी शहनाज और नातिन रुचि (03) तकरीबन 20 दिन पहले उनके घर आई थी। सोमवार को दोपहर खेलने के दौरान रुचि घर के पास से लापता हो गई थी।
काफी खोजबीन के बाद भी रुचि का कहीं पता नहीं लगा तो सूचना कपसेठी थाने की पुलिस को दी गई। कपसेठी थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस और परिजन रुचि को खोज रहे थे। सोमवार सुबह रुचि का शव नाना के घर से 50 मीटर दूर पोखरी में मिला। शव देख मां शहनाज बेहोश हो गई। कपसेठी थानाध्यक्ष ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर जांच की जा रही है।