उत्तर-प्रदेश: छोटी बहन ने बड़ी को चाकू से गोदकर उतरा मौत के घाट, पढ़े पूरी वारदात

पढ़े पूरी खबर

Update: 2022-07-15 09:58 GMT
लार। फतेहनगर वार्ड निवासी गजाला तबस्सुम ने आपसी विवाद में बड़ी बहन नीलोफर शाहीन की सोते समय चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। भाई शारिक की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस घटना की जांच कर रही है। उधर, सीओ देवआनंद ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
फतेहनगर वार्ड निवासी स्व. इम्तियाज अहमद के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। पति के लापता होने के बाद से ससुराल से तकरीबन छह वर्ष पूर्व नीलोफर शाहीन अपने बेटे अब्दुल रहीम (09) व अब्दुल रहमान (07) के साथ मायके चली आई। तब से वह यहीं रहती थी। छोटी बहन अपनी ससुराल में है।
परिजनों के अनुसार, दोनों बहनों में अक्सर नोकझोंक होती रहती थी। बुधवार की रात भी दोनों में विवाद हुआ था। भाई के हस्तक्षेप से विवाद शांत हुआ था। इसके बाद दोनों बहनें भोजन कर एक ही कमरे में सो गईं। नीलोफर शाहीन के दोनों बच्चे भी उसी कमरे में सो गए। बृहस्पतिवार की भोर में तकरीबन तीन बजे गजाला तबस्सुम जाग गई। रात के विवाद से खार खाई गजाला किचन से सब्जी काटने वाला चाकू लाई और नीलोफर शाहीन के बाईं तरफ सीने में लगातार वार करने लगी। आवाज सुनकर पास में सो रहे रहमान और रहीम की नींद खुल गई। मां को खून से सना देख बच्चों ने शोर मचाया तो परिजन जाग गए। अभी अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया।
नीलोफर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। चीख पुकार की आवाज सुन आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर छोड़कर भाग निकली। पुलिस ने उसे गांधी मार्केट से हिरासत में ले लिया। मां की मौत से रहमान, रहीम बदहवास पड़े हैं। भाई शारिक अहमद की तहरीर पर पुलिस ने गजाला तबस्सुम पर हत्या का केस दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक नवीन सिंह ने बताया कि आरोपी के भाई की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। आरोपी मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है।
रहीम, रहमान पर टूटा दुखों का पहाड़
लार। रहीम, रहमान के सिर से पिता का साया छह वर्ष पूर्व ही उठ चुका है। पिता छह वर्ष पूर्व से लापता हैं। काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिल सके हैं। मां नीलोफर शाहीन दोनों की परवरिश कर रही थीं। नीलोफर हमेशा कहती थी कि बच्चे बड़े हो जाएंगे तो सारी तकलीफें दूर हो जाएंगी। वह बच्चों को नगर के एक स्कूल में अच्छी तालीम दिला रही थीं। पर, क्या पता कि यह सपना अधूरा रह जाएगा। हत्या के बाद से दोनों बच्चों के सिर से माता का भी साया उठ गया। दोनों मां के शव लिपट कर रो रहे थे। यह देख मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। सभी नीयत को कोस रहे थे।
दूल्हे को रास्ते में छोड़, मायके भाग आई थी गजाला
लार। परिजनों ने हत्या की आरोपी गजाला तबस्सुम की शादी मऊ जिले के एक युवक से आठ वर्ष पूर्व हुई। विदाई के बाद वह घर से दूल्हे के साथ कार से निकली। तभी रास्ते में कार रुकवाया और दूल्हे को चकमा देकर वापस लार आ गई। तब से वह यहीं रहने लगी। परिजनों, रिश्तेदारों के समझाने के बाद भी ससुराल नहीं गई।
घटना के बाद भागने की फिराक में थी हत्यारोपी
लार। बड़ी बहन की चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद आरोपी गजाला तबस्सुम बाजार की मुख्य सड़क पर आकर खड़ी हो गई। रास्ते से गुजर रहे कई ट्रकों को रुकवा कर बैठने की कोशिश की। पर, खून से सने चाकू और कपड़े पर पड़े छींटे देख चालक ट्रक रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। इसी बीच पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
दोनों बहनों के विवाद से परेशान थे पड़ोसी
लार। गजाला तबस्सुम और नीलोफर शाहीन किसी न किसी बात पर हर रोज विवाद करती थीं। कई बार बीच बचाव करने पहुंचे पड़ोसी भी दोनों के गुस्से का शिकार हो चुके थे। उनके आपस के विवाद से सभी त्रस्त थे। लोगों के समझाने का दोनों पर कोई असर नहीं था।
Tags:    

Similar News

-->