उत्तर-प्रदेश: सुसाइड नोट में सामने आई मौत की वजह, होटल के कमरे में युवक ने की आत्महत्या

पढ़े पूरी खबर

Update: 2022-07-16 12:07 GMT
आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित एक होटल में बृहस्पतिवार रात को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी तब हुई जब वह काफी देर तक अपने कमरे से नहीं निकला। होटल कर्मचारियों को शक हुआ तो वे युवक के कमरे में पहुंचे। काफी प्रयास के बाद भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो युवक का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतक ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। जिसमें उसने एक शिक्षक पर नौकरी के नाम पर पांच लाख लेने का आरोप लगाया है। मगर, उसकी नौकरी नहीं लगी, जिससे वह परेशान चल रहा था।
मूलरूप से जगनेर के गांव मेवली निवासी 25 वर्षीय दीपक पुत्र वीरम सिंह चालक था। वह शास्त्रीपुरम में किराए पर रहता था। बृहस्पतिवार की सुबह उसने शास्त्रीपुरम के होटल अनमोल पैलेस में कमरा लिया। देर रात तक बाहर नहीं आया। होटल कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया। मगर, कोई जवाब नहीं आया। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने दरवाजा खोला तो दीपक का शव फंदे से लटका था। पुलिस को कमरे से दीपक का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमे उसने विवेक नाम के एक शिक्षक पर नौकरी के नाम पर पांच लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है।
लोगों से लिया था कर्जा
उसने यह रकम लोगों से कर्ज लेकर दी थी। उसकी नौकरी नहीं लगी। रकम के लिए लोग उसके घर पर आकर तगादा कर रहे थे। घटना की जानकारी पर परिजन पहुंच गए। उन्होंने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tags:    

Similar News