Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां जहानाबाद थाना क्षेत्र के कंकोर गांव में एक गोदाम में अचानक आग लगने से अंदर सो रहे एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय ओमकार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात ओमकार गोदाम के अंदर सो रहे थे, तभी अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आशंका जताई जा रही है कि अंदर धुआं और जहरीली गैसें भरने के कारण ओमकार का दम घुट गया और वे बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गोदाम का शटर अंदर से बंद होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर बाद जब टीम शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुई, तब तक ओमकार की जान जा चुकी थी। फायर कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया और शव को बाहर निकाला।शुरुआती जांच में पुलिस आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट मान रही है। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। थाना जहानाबाद के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।