Uttar Pradesh: अमेठी में नल से पानी भरने को लेकर हुआ विवाद हिंसा में बदल गया। बदमाशों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार पर लाठियों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में एक युवक की आँख फूट गई, जबकि एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक का रायबरेली एम्स में इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना में शामिल दो महिलाओं को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूरी घटना शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के गद्दापुर गाँव की है, जहाँ शुक्रवार को रोहित का अपने पड़ोसी शिवकुमार और बाल गोविंद से नल से पानी भरने को लेकर विवाद हो गया था। शिवकुमार, बाल गोविंद और उनके परिवार के सदस्य रोहित के घर में घुस गए और पूरे परिवार पर लात-घूंसों और लाठियों से हमला कर दिया।
हमले में रोहित की एक आँख चली गई, जबकि एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई। रोहित को तुरंत इलाज के लिए रायबरेली एम्स में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद, शिवरतनगंज पुलिस घायल का बयान दर्ज करने एम्स पहुँची। पीड़ित पक्ष ने अभी तक थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि लाठी-डंडे से युवक की आँख में चोट आई है। पुलिस ने शिवकुमार, बाल गोविंद, सुनीता और शालिनी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।