उत्तर-प्रदेश: दिनदहाड़े वारदात, पत्नी-बच्चों को एक कमरे में बंद कर युवक की हत्या
पढ़े पूरी खबर
राजधानी लखनऊ में सनसनीखेज वारदात हुई है। कैंट के निलमथा में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया गया। युवक की हत्या से पहले उसकी पत्नी और बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। फिलहाल वारदात का कारण नहीं पता चल सका है। पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। कई एंगलों से जांच पड़ताल की जा रही है।
बताया जाता है कि मारा गया युवक वीरेंद्र ठाकुर (42) दिव्यांग भी था। शनिवार की दोपहर वह घर में पत्नी खुशबू, बेटे अंश (2) और ऋषि कुमार (8) के साथ था। बड़ा बेटा अभिषेक स्कूल गया हुआ था। इसी दौरान दोपहर करीब तीन बजे बदमाश उसके घर में घुस आए।
बदमाशों ने खुशबू और बच्चों को पहले एक कमरे में बंद कर दिया। फिर वीरेंद्र के कमरे में पहुंच कर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्डडिस्क भी निकाल ले गए हैं। सबकुछ इतनी जल्दी किया कि परिवार के लोग भी कुछ समझ नहीं पाए।
गोली की आवाज सुनने के बाद पत्नी और बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आसपास के लोग पहुंचे। देखा तो युवक खून से लथपथ पड़ा था। तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। कुछ देर में ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान भी चलाया गया लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी है।