Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां संदीपनघाट थाना क्षेत्र में एक युवक ने महज 300 रुपये की लालच में अपनी ही गांव की एक बुजुर्ग महिला का गला दबाकर कत्ल कर दिया। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना काजीपुर गांव की है। 10 फरवरी की सुबह जब रामशरण अपने घर के बाहर बरामदे में सो रही अपनी 70 वर्षीय मां, श्रीमती लखपतिया को जगाने पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनकी मां मृत अवस्था में पड़ी थीं और उनके गले पर निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू की।
पुलिस की गिरफ्त मेंआए आरोपी ओमप्रकाश पटेल उर्फ छोटू ने पूछताछ में जो खुलासा किया, उसने सबको हैरान कर दिया।आरोपी ने बताया कि 9 फरवरी की शाम वह एक दुकान पर गुटखा लेने गया था। वहां उसने बुजुर्ग महिला के पास कुछ पैसे देख लिए, जिसे देखकर उसकी नीयत डोल गई। रात के अंधेरे में वह चोरी की नीयत से महिला के घर में दाखिल हुआ। चोरी के दौरान ही लखपतिया की नींद खुल गई और उन्होंने आरोपी को पहचान लिया। शोर मचाने और पकड़े जाने के डर से आरोपी ने बुजुर्ग महिला का गला दबा दिया और उनके ही ओढ़े हुए कपड़े से कसकर उनकी जान ले ली। हत्या के बाद वह महिला के पास मौजूद महज 300 रुपये लेकर फरार हो गया।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सैय्यद सरावां मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी ओमप्रकाश को दबोच लिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।