Uttar Pradesh :जुगैल थाना क्षेत्र में इन दिनों ग्रामीणों के लिए खौफ का पर्याय बना 14 फीट लंबा मगरमच्छ आखिरकार वन विभाग की टीम के जाल में फंस ही गया। यह मगरमच्छ पिछले कई दिनों से इलाके में अपनी मौजूदगी से दहशत फैला रहा था, लेकिन अब इसके पकड़े जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है। यह पूरा मामला जुगैल थाना क्षेत्र के अघोरी गांव का है। स्थानीय लोगों ने सोन नदी में एक विशाल मगरमच्छ देखा, जिसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सबसे हैरानी की बात यह थी कि इस मगरमच्छ के गले में एक पट्टा था, जिससे उसकी लोकेशन लगातार ट्रैक की जा रही थी। सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश से एक विशेष टीम सोनभद्र पहुंची और स्थानीय वन विभाग के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों तक चली इस कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सोन नदी में जाल बिछाकर इस 14 फीट लंबे मगरमच्छ को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। मगरमच्छ को पकड़ने के इस ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी से वे डरे हुए थे और कई लोग नदी किनारे जाने से भी बच रहे थे। लेकिन अब इसके पकड़े जाने के बाद गाँव में खुशी का माहौल है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह मगरमच्छ अब सुरक्षित है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों और इंसानों के बीच बढ़ते संघर्ष की ओर ध्यान खींचा है, लेकिन समय रहते मगरमच्छ को पकड़कर एक बड़ा खतरा टल गया है।