UP: सरकारी जमीन से अंबेडकर और बुद्ध की मूर्तियां हटाए जाने पर ग्रामीणों की पुलिस से झड़प
UP उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के इस जिले के विभारापुर गांव में सरकारी जमीन से बी आर अंबेडकर और भगवान बुद्ध की मूर्तियों को हटाने को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प के बाद तनाव व्याप्त हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया और उनसे झड़प की, जिसमें कम से कम आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीणों ने 11 मार्च को पंचायत भवन के सामने बने चबूतरे पर मूर्तियां स्थापित की थीं। शिकायत के बाद तहसील प्रशासन ने 12 मार्च को मूर्तियों को हटाने के लिए नोटिस दिया। हालांकि, ग्रामीणों ने इस कदम का विरोध किया और मूर्तियां वहीं पर रहीं। शनिवार को महोली में आयोजित शिकायत निवारण कार्यक्रम (संपूर्ण समाधान दिवस) के दौरान यह मामला फिर से सामने आया।
नए निर्देशों पर अमल करते हुए महोली के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) शशिबिंद द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता पुलिस और राजस्व अधिकारियों की संयुक्त टीम के साथ पिसावां थाने की सीमा में स्थित गांव पहुंचे। बुलडोजर के साथ आई टीम ने विवादित स्थल से मूर्तियों को हटाया। जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी ग्रामीणों के एक समूह ने उन पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए और क्षेत्राधिकारी का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) प्रवीण रंजन ने कहा, "जब मूर्तियां हटाई जा रही थीं, तब ग्रामीण शांत थे, लेकिन टीम के जाने के बाद उन्होंने अचानक पथराव शुरू कर दिया।" उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। झड़प में कुछ ग्रामीण भी घायल बताए गए हैं। एएसपी ने कहा कि घटना के सिलसिले में दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।