UP: बारिश के दौरान गिरे दो मकान, महिला और बच्चे की मौत

Update: 2024-07-02 16:38 GMT
Amroha अमरोहा। अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव सिरसा खुमार और हसनपुर के शिकरौली मिलक में सोमवार देर रात व मंगलवार को बारिश के दौरान दो मकान गिर गए। मकानों के मलबे में दबने से सिरसा में आठ माह के बच्चे और सकरौली में महिला की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में तीन लोग घायल भी हुए हैं।गांव सिरसा खुमार में किसान नईम का परिवार रहता है। परिवार में पत्नी, एक बेटी फात्मा व बेटा हसनैन हैं। नईम, बेटे हसनैन और चार साल की बेटी फात्मा के साथ कमरे में सोए थे। जबकि उनकी पत्नी घर के बाहर थी। नईम के कच्चे मकान के पीछे काफी गहराई है। मकान में दो कमरे बने हुए थे। मंगलवार सुबह छह बजे झमाझम बारिश के दौरान उसके घर की पिछली दीवार जमीन में धंस गई। इससे पूरा मकान भरभराकर गिर गया। घर के अंदर सो रहा नईम का परिवार मलबे में दब गया।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबे में दबे परिवार के लोगों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने हसनैन को मृत घोषित कर दिया। घायल नईम और फात्मा का उपचार चल रहा है। बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद अमरोहा देहात थाना पुलिस, एसडीएम सुधीर कुमार, तहसीरदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिवार को मदद का भरोसा दिलाया। एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया कि बारिश की वजह से कच्चे मकान की दीवार धंस गई थी। इससे मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में बच्चे की मौत हुई है।

Tags:    

Similar News

-->