UP News: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में गुरुवार को नेपाल से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में एक डच नागरिक को गिरफ्तार किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने यहां बताया कि नेपाल से भारत आ रहे पल्लास जोहान्स थियोडोरस (60) को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने गुरुवार सुबह सोनौली क्षेत्र में नियमित जांच के दौरान पकड़ा।
बताया जा रहा है कि एसएसबी की 66वीं बटालियन के जवान भारत-नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 526 के पास सुंडी गांव में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें एक व्यक्ति साइकिल से आता दिखाई दिया। जब वह भारतीय सीमा में प्रवेश कर गया तो जवानों ने उसे पकड़ लिया। उसके पास नीदरलैंड का पासपोर्ट तो था लेकिन भारतीय वीजा के कागजात और कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड के पासपोर्ट की वैधता अवधि 16 मार्च 2028 तक है। वहीं, उसके नेपाल पर्यटक वीजा की वैधता अवधि 31 मई 2025 तक पाई गई।
सिंह ने बताया कि डच नागरिक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल तो नहीं था और भारत में घुसने के पीछे उसका मकसद क्या था। सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जानकारी इंटेलिजेंस ब्यूरो को दे दी गई है।