Up News : शाहजहांनगर थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत की सूचना मिलने पर देर रात पुलिस अस्पताल पहुंची। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रख दिया। बुधवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर रवाना हो गए।बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला 18 वर्षीय मनीष कुमार उदयपुर में टाइल बनाने का काम करता था। कुछ दिन पहले ही वह घर गया था।
मंगलवार दोपहर वह अपने दोस्तों के साथ न्यू जलपाईगुड़ी ट्रेन से उदयपुर जा रहा था, तभी शाहजहांनगर थाना क्षेत्र में अचानक उसे उल्टी होने लगी तो वह गेट पर आकर खड़ा हो गया। अचानक वह चलती ट्रेन से गिर गया और घायल हो गया। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। आरपीएफ इंचार्ज शिखा मलिक ने बताया कि युवक ट्रेन से गिरकर घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और परिजन शव लेकर चले गए।