Up News: रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर जिगिना गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। रोझिया भिक्खम शाह निवासी सुरेंद्र कुमार रात करीब नौ बजे बाइक से कहीं निमंत्रण में गए थे। घर लौटते समय जिगिना गांव के पास रायबरेली की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। सुरेंद्र कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।
उनके दो बेटे और एक बेटी है। उनकी पत्नी गीता, बेटी दिव्या, बेटा अमन और दिवाकर बदहवास हैं। घटना की जानकारी होते ही उनकी पत्नी बेहोश हो गईं। सड़क हादसे में अचानक हुई मौत से गांव में मातम का माहौल है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एलपी सोनकर ने बताया कि घायल को मृत अवस्था में लाया गया था। थाना प्रभारी अजय राय ने बताया है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। ट्रक चालक भागने में सफल रहा। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।