Up News : पुलिस मुठभेड़ में गोकशी के दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

Update: 2025-03-25 05:37 GMT
Up News : कटघर थाना पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ के दौरान गोकशी के दो आरोपियों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि गिरफ्तार आरोपियों के तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:45 बजे कटघर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र के बकरी गांव के पास मूंढापांडे थाने की सीमा पर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान दो बाइकों पर पांच संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने युवकों को रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने बाइक मोड़ ली और वहां से भागने लगे।
जिसके बाद पुलिस ने कटघर के बकरी गांव और मूंढापांडे के सक्तूनगला गांव के बीच बदमाशों को घेर लिया। पुलिस ने उन बाइक सवारों से सरेंडर करने को कहा तो बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो दोनों के पैर में गोली लग गई और वे बाइक समेत वहीं गिर पड़े। जबकि दूसरी बाइक पर सवार उनके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल बदमाशों की पहचान मूंढापांडे के गांव करनपुर निवासी नवेद और अनवर के रूप में हुई है। शिनाख्त के बाद दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 और 12 बोर के दो तमंचे, 4 कारतूस बरामद किए हैं।
आरोपियों की बाइक की डिग्गी से पशु काटने के उपकरण भी मिले हैं। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि घायल दोनों बदमाशों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कल कटघर थाना क्षेत्र में गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। शनिवार को ही पंडित नगला चौकी क्षेत्र में गागन नदी पुल के नीचे गागन नदी के किनारे गोवंशीय पशु का सिर मिलने पर बजरंग दल ने थाने पर हंगामा किया था। जिसके बाद गोकशी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उस घटना को मुठभेड़ में घायल आरोपियों ने अंजाम दिया था।
Tags:    

Similar News