UP News: बागपत जिले के बड़ौत थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने 5 दिन से लापता युवक का शव अधजली हालत में बरामद कर इस मामले में 2 महिलाओं समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के गांव त्यौड़ी निवासी सचिन शर्मा (30) के रूप में हुई है, जो 7 अप्रैल से लापता था. बागपत में अधजली हालत में मिला युवक का शव परिजनों की शिकायत पर 9 अप्रैल को बड़ौत थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में हत्या में तब्दील कर दिया गया|
बड़ौत थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) मनोज कुमार ने बताया कि जांच में पता चला कि सचिन का अपने गांव की ही विवाहित महिला मीनाक्षी से प्रेम संबंध था, जिसके चलते महिला का अपने पति से विवाद हो गया और वह अपने मायके में रहने लगी. कुमार के अनुसार सचिन मीनाक्षी और उसकी बहन सुमन पर संबंध बनाने का दबाव बना रहा था, जिसके चलते मीनाक्षी, सुमन, सुमन के पति वीरेंद्र और उसके दोस्त शाहनवाज ने उसकी हत्या की साजिश रची।
हत्या के आरोप में 2 महिलाओं समेत 4 लोग गिरफ्तार
एसएचओ ने बताया कि 7 अप्रैल को सुमन ने सचिन को गांव सिसाना स्थित अपनी ससुराल बुलाया, जहां चारों ने डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद वीरेंद्र और शाहनवाज शव को सचिन की मोटरसाइकिल पर रखकर संतोषपुर श्मशान घाट ले गए और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और सचिन की जली हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags: