UP News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में नेशनल हाईवे 19 पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रक का पहिया अलग होकर बाइक से टकरा गया, जिससे वाहन सवार 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा के मुताबिक, हादसा आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर समृद्धि अस्पताल के पास हुआ। बाइक सवार पंकज यादव चौबिया थाने के हवेलिया गांव का रहने वाला था। वह काम खत्म कर घर लौट रहा था। वह एंबुलेंस चालक था।
शुरुआती जांच के मुताबिक तेज रफ्तार ट्रक इलाके से गुजर रहा था, तभी उसका एक पहिया अचानक एक्सल से अलग हो गया। पहिया उछलकर सड़क पर आ गया और पंकज की बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर मोबाइल फोन से उसकी पहचान की। पुलिस अधिकारी ने कहा, "हमने उसके परिवार को सूचित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।"