UP News: बिल्सी क्षेत्र में कछला-शाहबाद हाईवे पर सोमवार को घने कोहरे के कारण मक्का से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और हेल्पर घायल हो गए। सड़क पर मक्का बिखर जाने से यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक एटा से मक्का भरकर संभल की ओर जा रहा था।
मुजरिया थाना क्षेत्र के फैतुल्लाहगंज गांव के पास घना कोहरा छा जाने से चालक को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दिया, जिससे ट्रक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक अमित कुमार और हेल्पर बाबू सिंह घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल भिजवाया।