Up News : यूपी के रायबरेली में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा, यहां मौरंग से भरा ओवरलोड ट्रक बाइक सवार पर पलट गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खबर मिलते ही घर में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसा लालगंज कोतवाली क्षेत्र में रायबरेली रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। यहां कानपुर रोड स्थित राजपति नगर मोहल्ला निवासी नितिन धानुक (25) अपने भाई विपिन, गुलशन और चचेरे भाई मनीष उर्फ ​​जतिन के साथ टेंट का काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था।
रेलवे क्रॉसिंग के पास निर्माण कार्य चलने के कारण जाम लगा हुआ था। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी हुई थीं। इससे बाइक में बैठे तीनों युवक उतर गए। नितिन बाइक को साइड से निकालने का प्रयास करने लगा।
उसी समय सामने से आ रहा मौरंग से भरा ओवरलोड ट्रक असंतुलित होकर नितिन के ऊपर पलट गया। इससे नितिन ट्रक के नीचे दब गया। जब तक उसे बाहर निकाला जाता, उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल कराया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा बुलाकर ट्रक को हटवाया। बताया गया कि मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags: