UP News :पीलीभीत टाइगर रिजर्व की माला रेंज के गांव फुलहर में सोमवार सुबह खेत की रखवाली कर रहे किसान को बाघ ने मार डाला। किसान का अधखाया शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और थाना पुलिस पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, गांव फुलहर निवासी दयाराम (50 वर्ष) पुत्र प्रेमराज फसल की रखवाली करने खेत पर गए थे। उनका खेत घर से करीब 20 मीटर की दूरी पर है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि सुबह बाघ ने दयाराम पर हमला कर दिया। इससे किसान की मौत हो गई। इसका पता तब चला जब ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों में आक्रोश भी बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले माला रेंज के मेवात पुर निवासी एक किसान पर बाघ ने हमला कर उसे मार डाला था।