UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र स्थित लालपुर शिवराजपुर गांव में दलित युवती की हत्या की खबर से पूरे गांव में कोहराम मच गया है। गांव के बाहर एक बाग में युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्र बताते हैं कि युवती शाम को शौच के लिए घर से निकली थी लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजन रात भर उसकी तलाश करते रहे। बुधवार सुबह बाग में उसका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में गुस्सा फैल गया। परिजनों ने पास के गांव के ही युवक करन भदौरिया पर युवती की हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि युवती और करन के बीच प्रेम संबंध थे। मृतका की मां और बहन ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है। उन्होंने 5 बीघा जमीन और 10 लाख रुपये मुआवजे की भी मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे, क्षेत्रीय सीओ और कई थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और आरोपी करण भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और मामले में और नाम भी सामने आ सकते हैं।