Up News: मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत शिवाला पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा नदी में नहाते समय एक 15 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान वाराणसी के जैतपुरा बड़ी बाजार निवासी मुहम्मद अरशद पुत्र मुहम्मद अरशद के रूप में हुई है, जो नेशनल इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। जानकारी के अनुसार, अरशद अपने पांच दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने आया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अरशद का शव बरामद कर लिया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों गंगा का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे नए लोग गहराई का अंदाज़ा नहीं लगा पाते और अक्सर ऐसी घटनाएँ हो जाती हैं। क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल भी मौके पर पहुँचे और शोक संतप्त परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और किशोरी के दोस्तों से विस्तृत जानकारी ले रही है।
Tags: