UP news: यूपी के बाराबंकी में रविवार को खेत की जुताई करते समय रोटावेटर में फंसकर एक किशोर की मौत हो गई। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। खबर फैली तो ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीण चिंतित परिजनों को सांत्वना देते रहे। घटना जैदपुर थाना क्षेत्र के मुरलीगंज गांव में हुई। गांव निवासी अशोक कुमार किराए के ट्रैक्टर से खेत की जुताई करा रहे थे। इस दौरान उनका बेटा आशीष कुमार (13) रोटावेटर पर बैठा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इससे वह रोटावेटर के अंदर गिर गया और नुकीले पत्तों में फंस गया।
इससे उसकी चीख निकल गई। जब तक चालक ने वाहन रोका, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चालक ने वाहन रोककर शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में परिजन रोते बिलखते पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया गया कि वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। घटना से माता-पिता और भाई सदमे में हैं।थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।