UP News: कड़कड़ाती ठंड का कहर, IMD ने जारी किया ताजा अलर्ट

Update: 2025-11-18 04:48 GMT
UP News: उत्तर भारत में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। ठंड का प्रभाव अब उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में महसूस किया जा रहा है। राज्य में न्यूनतम तापमान कई जगहों पर 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के आखिरी हफ्ते में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तापमान में और कमी आने की संभावना है।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में सुबह हल्का कोहरा रहेगा। दिन बढ़ने के साथ मौसम सामान्य रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, पीलीभीत, आजमगढ़, रामपुर, बरेली, शामली, सहारनपुर, मथुरा, मेरठ, आगरा, कन्नौज, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कानपुर, उन्नाव, हमीरपुर, ललितपुर, औरैया, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, कौशाम्बी और प्रयागराज में सुबह 1 से 3 घंटे तक हल्का से मध्यम कोहरा बने रहने की संभावना है।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 4 दिनों तक उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। फिलहाल राज्य में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है। इस समय उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की और शुष्क हैं।
लखनऊ में मंगलवार को लोगों को सुबह और रात के समय ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने होंगे। सुबह हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन दिन के समय धूप भी निकलेगी। अनुमान है कि लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। नोएडा और गाजियाबाद में भी लोग सुबह और रात के समय शॉल या स्वेटर का इस्तेमाल करेंगे। अनुमानित अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल ठंडी हवाएं और हल्का कोहरा जारी रहेगा, लेकिन अगले 4 दिनों में किसी विशेष मौसम परिवर्तन की संभावना नहीं है।
Tags:    

Similar News