Up News: सरपतहां थाना क्षेत्र के कम्मरपुर (ढकहा) गांव में एक कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानवर चरा रहे स्थानीय लोगों ने खेत में एक कंकाल पड़ा देखा। कंकाल की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कंकाल से कुछ दूरी पर मिले कपड़े जीशान (10) पुत्र आफताब आलम के थे जो 20 फरवरी को गायब हो गया था। आपको बता दें कि कम्मरपुर-ढकहा निवासी आफताब आलम का पुत्र जीशान 20 फरवरी को अचानक घर से गायब हो गया था।
उसके परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार की शाम कंकाल से कुछ दूरी पर जीशान का लोअर और शर्ट मिला, जिससे परिवार में मातम छा गया। कथित तौर पर कंकाल का सिर 15 दिन पहले स्थानीय लोगों ने देखा था, लेकिन लोगों ने इसे किसी जानवर का कंकाल समझकर इस पर ध्यान नहीं दिया।
मंगलवार को कंकाल में एक मानव हाथ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाने के बाद आवश्यक निर्देश दिए। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि कंकाल को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।