UP News: यूपी के कौशाम्बी जिले में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब स्कूल से बच्चों को लेकर जा रही एक बस में अचानक आग लग गई। धुआं उठता देख ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और कंडक्टर व स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्कूल बस में आग लगती देख स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटों के कारण बस पूरी तरह जल गई है। वहीं ड्राइवर और कंडक्टर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी बस
घटना मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय चौराहे पर हुई। मंझनपुर कस्बे में संचालित एक निजी स्कूल (बीपी पब्लिक स्कूल) की बस छात्रों को स्कूल से घर लेकर जा रही थी। जैसे ही बस मंझनपुर चौराहे के पास पहुंची तो बस में अचानक आग लग गई। बस से धुआं उठता देख बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब तक स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। आशंका जताई जा रही है कि बस में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। ड्राइवर और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी 40 स्कूली बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।