Up News : राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। नगर निगम की रोड स्वीपर (सड़क साफ करने वाली गाड़ी) ने 4 साल के बच्चे हसनैन पर चढ़कर उसका एक पैर बुरी तरह कुचल दिया। हादसे के वक्त बच्चा अपने पिता के लिए खाना लेकर जा रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नगर निगम की LSA कंपनी की रोड स्वीपर गाड़ी अनलोड होकर वापस लौट रही थी। उसी समय हसनैन सड़क पार कर रहा था। अचानक गाड़ी ने उसे सामने से टक्कर मार दी। तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बच्चे का पैर बुरी तरह से कुचल चुका था और मांस के टुकड़े सड़क पर फैल गए थे।
लोगों के मुताबिक गाड़ी पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। टक्कर मारने के तुरंत बाद ड्राइवर गाड़ी वहीं छोड़कर भाग गया। भीड़ गुस्से में आ गई तो पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को शांत कराया। पुलिस ने गाड़ी को सीज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि पैर की चोट इतनी गंभीर है कि उसे बचाना मुश्किल है और एक टांग काटनी पड़ेगी। डॉक्टरों ने कहा कि बच्चे का इलाज लंबा चलेगा और हालत गंभीर बनी हुई है।