UP News: श्रावण मास में शिवभक्तों की आस्था को ध्यान में रखते हुए बरेली में कांवड़ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने मीरगंज थाना क्षेत्र की लहरी पुलिस चौकी के पास रामपुर बॉर्डर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो, इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस की होगी।
कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, साफ-सफाई और सुगम यातायात के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा क्षेत्र में बने ढाबों को अस्थायी खानपान केंद्र में परिवर्तित कर साफ-सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी, खराब कैमरों की मरम्मत, वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था और पिकेट की सटीक तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
विश्राम स्थलों पर छाया, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
Tags: