UP News: कासगंज से लौटते समय मजदूरों से भरी पिकअप पलट गई। इसमें एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा दातागंज रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। सभी घायल मजदूर सीतापुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मजदूर कासगंज पुलिस लाइन में टेंट लगाने का काम निपटाकर लौट रहे थे। लौटते समय जैसे ही पिकअप दातागंज रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, उसका एक पहिया गड्ढे में चला गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। इसमें एक मजदूर की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान सीतापुर जिले के थाना रेउसा क्षेत्र के गांव पलोदिया निवासी कुलदीप (20) पुत्र अवधराम के रूप में हुई है।
घायलों में पलोड़िया गांव के दशराज (16) पुत्र बैजनाथ, अमरजीत (20) पुत्र राम किशोर, अजय (22) पुत्र कौशल, अनुज (20) पुत्र कमलेश, श्याम किशोर (22) पुत्र संतोष, करीरी खां और बरकत अली (30) पुत्र हसन निवासी बिडोली शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को खाई से बाहर निकलवाया। श्याम किशोर ने बताया कि कुलदीप तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पुलिस जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि पिकअप ओवरलोड थी या नहीं।
Tags: