UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक महिला और उसकी बेटी पर गोलीबारी की घटना के सिलसिले में शुक्रवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक गोलीबारी में 2 आरोपी घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में महिला का पति भी शामिल है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक (एसपी) अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि घटना 9 फरवरी को दाहा इलाके में उस समय हुई जब गौरव, उनकी पत्नी नीतू और उनकी बेटी आदिरा अपनी कार से मुजफ्फरनगर से गाजियाबाद जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दाहा बरनावा चौराहे पर दो मोटरसाइकिल सवारों की उनकी कार से टक्कर हो गई, जिसके बाद मोटरसाइकिल सवारों में से एक ने नीतू और आदिरा पर गोली चला दी, जिससे वे घायल हो गईं। एसपी ने बताया कि गौरव की शिकायत के आधार पर दोघट थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को बरनावा रोड पर जब पुलिस ने संदिग्धों को रोका तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि जवाबी फायरिंग में देवेंद्र और सोनू घायल हो गए और बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से दो पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि मामले में पांच लोगों- देवेंद्र, सोनू, कैलाश सिंह (जादूगर), पंकज और गौरव को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान गौरव ने अपनी पत्नी के साथ अक्सर होने वाले घरेलू झगड़ों का हवाला देते हुए हमले की साजिश रचने की बात कबूल की।
Tags: