UP News: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जहाँ सदर कोतवाली क्षेत्र के गोविंदसागर बांध पुलिस चौकी के पास स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के साथ बलात्कार किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शौचालय में महिला के साथ जबरन बलात्कार, आरोपी मौके से फरार
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह महिला कई वर्षों से इसी शौचालय परिसर में रह रही थी और आसपास के मोहल्लों में भीख मांगकर अपना गुजारा करती थी। पिछले शनिवार की सुबह, जब महिला शौचालय में थी, तभी राम सिंह यादव नाम के एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने सोते समय उसके साथ जबरन बलात्कार किया। महिला की चीख-पुकार सुनकर वहाँ से गुजर रहा एक युवक मौके पर पहुँचा और उसने घटना देखी। उस समय आरोपी भागने में सफल रहा।
बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी राम सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के लोग इस घटना को बेहद निंदनीय मान रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों| पुलिस का कहना है कि एसपी कार्यालय को इस घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि इस मामले में सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।