UP News: हरदोई के पास रेलवे ट्रैक पर लोहे के बोल्ट और पत्थर रखने के आरोप में 2 किशोरों को पकड़ा गया। पुलिस और आरपीएफ ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में ऋषिकेश से हावड़ा जा रही 13010 दून एक्सप्रेस को निशाना बनाने की कोशिश की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के प्रभारी निरीक्षक आरबी सिंह के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 7:25 बजे की है, जब दून एक्सप्रेस हरदोई आ रही थी। जैसे ही ट्रेन पिहानी चुंगी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, बदमाशों ने लोहे के बोल्ट और पत्थर रख दिए थे।
लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया
आरपीएफ ने बताया कि मामले में कथित रूप से शामिल 2 नाबालिगों को रेलवे कर्मचारियों ने पकड़कर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सौंप दिया है। इसने बताया कि ट्रेन के इंजन और ट्रैक की जांच की गई और इलाके की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी भेजी गई। पुलिस ने 2 किशोरों को किया गिरफ्तारनगर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा ने बताया कि आरपीएफ ने 15 और 16 साल के नाबालिगों को आगे की जांच के लिए ग्रामीण थाने को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।