Up News: परतापुर बाईपास स्थित डुंगरावली गांव के पास शुक्रवार को एक जेसीबी ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान बागपत के मीतली गांव निवासी अमरदीप (20) के रूप में हुई। वहीं, घायल दोनों छात्रों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्र अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बागपत के मीतली गांव निवासी अमरदीप, सिवालखास निवासी मोहम्मद तालिब और बागपत के बिनौली निवासी रितिक परतापुर बाईपास स्थित दीवान कॉलेज में बीए एलएलबी के छात्र हैं। शुक्रवार को तीनों अपने दोस्त अनमोल का जन्मदिन मनाने के लिए अमरदीप की टीवीएस राइडर बाइक से सुभारती के पास स्थित एक रेस्टारेंट में गए थे।
दोपहर बाद जन्मदिन मनाकर तीनों एक ही बाइक से कॉलेज लौट रहे थे। जब डुंगरावली गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक जेसीबी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर तीनों को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान अमरदीप की मौत हो गई। जबकि गंभीर चोट कारण रितिक को दिल्ली के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रों ने हेलमेट नहीं पहना था। यदि उन्होंने हेलमेट पहना होता तो शायद अमरदीप की जान बच सकती थी।
बाइक को टक्कर मारने वाली जेसीबी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और भागे हुए चालक की तलाश की जा रही है। छात्र के शव को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर आने पर उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।