Up News : बहराइच जिले के पूरे शिवसहाय गांव निवासी एक युवक नोएडा में मजदूरी कर सोमवार की भोर में गांव पहुंचा। यहां कुछ लोगों ने उसे खेत में ले जाकर लूटपाट की नीयत से मारपीट कर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पूरे शिवसहाय गांव निवासी सत्यम द्विवेदी (34) पुत्र अशोक द्विवेदी नोएडा में मजदूरी करता है। वह अपने परिजनों से बात कर बस से घर के लिए निकला था। थाने में तहरीर देते हुए चाचा अमित द्विवेदी पुत्र हनुमंत लाल का कहना है कि उसका भतीजा सोमवार की भोर में तीन से चार बजे के बीच गांव पहुंचा।
घर आते समय चार अज्ञात लोगों ने सत्यम को खेत में ले जाकर मारपीट कर उसके गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर गया। इसके बाद सभी लोग मौके से भाग गए। कुछ देर बाद गांव के लोगों ने युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा। परिजन मौके पर गए। डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दोपहर में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसएचओ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।