UP News: बदायूं के कछला घाट पर गंगा स्नान करते समय एक कांवड़िये की डूबकर मौत हो गई। गोताखोर उसकी तलाश कर रहे हैं। हाथरस जिले से एक जत्थे के साथ गंगाजल लेने आए कांवड़िये रविवार रात करीब एक बजे गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक कांवड़िये पानी के तेज बहाव में बह गया। उसका कोई सुराग नहीं लग सका। सूचना मिलने पर परिजन भी गंगा घाट पर पहुंच गए।
कांवड़िये अंकित ने बताया कि हाथरस के चंदपा थाना क्षेत्र के भगना गांव से करीब 25 लोग डाक कांवड़ लेकर रविवार शाम कछला गंगा घाट पर आए थे। सभी कांवड़िये रात करीब एक बजे गंगा स्नान कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सचिन का बेटा अभिषेक (18) गंगा स्नान करते समय डूब गया।
घटना के बाद कांवड़ियों ने रात में ही कछला चौकी पहुंचकर मामले की सूचना दी। जिस पर चौकी प्रभारी ने रात में ही गोताखोरों को भेजकर तलाश कराई, लेकिन अभिषेक का पता नहीं चल सका। रात में खबर मिलते ही अभिषेक के पिता और अन्य परिजन मौके पर पहुँच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कछला और उसीहाट से मिली जानकारी के अनुसार, गंगा में पानी बढ़ने की संभावना कम है। बाढ़ खंड के जेई राधेश्याम ने बताया कि रविवार शाम छह बजे नरौरा बांध से 57,677 क्यूसेक पानी पास किया गया है, लेकिन इसे ज्यादा नहीं माना जा रहा है। कछला में मीटर गेज पर पानी की स्थिति 162.150 मीटर है। नरौरा बांध से 47807 क्यूसेक और हरिद्वार बांध से 44494 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे गंगा में और पानी बढ़ने की आशंका है।
Tags: