UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक कलयुगी बेटे ने अपने माता-पिता को मौत के घाट उतार दिया. वहशी ने हथौड़े से वार कर अपने माता-पिता को दर्दनाक मौत दे दी. हत्या करने के बाद आरोपी बेटा घर से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया. इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू हुई. यह घटना मोहनलालगंज इलाके के जबरौली गांव की है. यहां रहने वाले बढ़ई वृतकेतु विश्वकर्मा उर्फ लाला ने पहले अपनी पत्नी मोना को पीटा. फिर उसने चारपाई पर लेटे अपने पिता जगदीश (70) और मां शिवप्यारी (68) की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक पारिवारिक कलह और संपत्ति विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है|
आरोपी शनिवार रात 10 बजे बर्थडे पार्टी से घर लौटा था. किसी बात को लेकर उसने पत्नी मोना को पीटना शुरू कर दिया. जिसका उसके माता-पिता ने विरोध किया. विरोध करने पर लाला आगबबूला हो गया. उसकी पत्नी ने किसी तरह जान बचाई और कमरे में भाग गई. इसके बाद पास में रखे हथौड़े से दोनों के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बुजुर्ग माता-पिता और पत्नी ने शोर मचाया तो वह भाग गया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को सीएचसी ले जाया गया, वहां से दोनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पारिवारिक कलह और संपत्ति विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि घटना से पहले लाला के घर में गांव का ही एक व्यक्ति मौजूद था। लाला को उसका अपने घर आना पसंद नहीं था। उक्त व्यक्ति को देखते ही वह आगबबूला हो जाता था। कुछ दिनों से वह जादू-टोना करने लगा था। हत्या की एक वजह यह भी हो सकती है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।