UP News: कानपुर के मसवानपुर में महिला ने अपनी पति पर शराब के नशे में उसे पीटने और एक साल की मासूम को ठंडे पानी से भरे टब में डालने का आरोप लगाया। पिता की इस करतूत से बच्ची की तबीयत बिगड़ गई जिसे मां ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। एक महीने तक जिंदगी से जंग लड़ने के बाद बच्ची ने शुक्रवार की सुबह दम तोड़ दिया।इससे आक्रोशित मां ने बच्ची का शव गोद में लेकर मायके पक्ष के साथ ससुराल पहुंची और हंगामा किया। पति पर बेटी की हत्या का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची रावतपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया|
आरोप है कि एक माह पूर्व शराब के नशे में धुत पति गोपाल ने उन्हें पीटा। इसके बाद एक साल की बेटी सृष्टि को उठाकर ठंडे पानी के टब में डाल दिया। बच्ची की हालत बिगड़ गई। वह बच्ची का निजी अस्पताल में इलाज करा रही थीं। वहीं, घटना के बाद से रुचि मायके में आकर रहने लगी थी। शुक्रवार सुबह बच्ची की मौत हो गई।मासूम की मौत से गुस्साई रुचि व उसके परिजन बच्चे के शव को लेकर रावतपुर स्थित रुचि की ससुराल पहुंचे। हत्या का आरोप लगा हंगामा किया। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया की पाेस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। परिजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।