UP News: आगरा-कानपुर हाईवे पर फूफई ओवरब्रिज पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक सवार दंपती अपनी नौ माह की मासूम बेटी के साथ सड़क पर गिर गए। इस दौरान ट्रक का पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से उसे गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक थाना बसरेहर के गांव सरैया ताल निवासी परवेज कुमार अपनी पत्नी परवीन (20) और बेटी जीनत (नौ माह) के साथ बाइक से बकेवर रिश्तेदारी में जा रहे थे।
दोपहर करीब एक बजे फूफई ओवरब्रिज के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। महिला के हाथ से नौ माह की जीनत उछलकर हाईवे पर गिर गई। तभी ट्रक का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग गया। हादसे में बाइक सवार परवेज बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
Tags: